जिले के लक्ष्मणगढ़ में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में एक बस पुलिया से टकरा गई, जिससे अब तक 12 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बस सुजानगढ़ से नवलगढ़ जा रही थी, जब यह लक्ष्मणगढ़ के सालासर पुलिया के पास पहुंची तो बस का चालक बस को मोड़ नहीं पाया और बस सीधी पुलिया से जाकर टकरा गई। हादसे में सात लोगों ने लक्ष्मणगढ़ में और पांच लोगों ने सीकर में दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल लोगों को पहले लक्ष्मणगढ़ के सीएचसी अस्पताल ले जाया गया लेकिन कई की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सीकर के कल्याण अस्पताल रैफर किया गया है। पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और क्रेन की मदद से बस को हटाकर और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार बस सुजानगढ़-नवलगढ़ रूट पर वाया सालासर और लक्ष्मणगढ़ जा रही थी। दुर्घटना की प्राथमिक वजह बस की तेज रफ्तार मानी जा रही है, जिसके चलते चालक मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कलेक्टर मुकुल शर्मा और पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और राहत कार्यों का जायजा लिया।
हादसे के बाद सांसद अमराराम भी सीकर के कल्याण अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लेकर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।