फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sawai Madhopur News: त्रिनेत्र गणेश मार्ग 15 मिनट तक चली 'टाइगर वॉक', बाघिन रिद्धि का शावक चहलकदमी करता दिखा

Mon, 05 Jan 2026 08:05 PM IST
सवाई ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सवाई माधोपुर

रणथंभौर टाइगर रिजर्व के त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर लगातार बाघों की आवाजाही देखी जा रही है। शनिवार सुबह जहां त्रिनेत्र गणेश मार्ग स्थित मिश्रदर्रा गौमुखी के पास बाघिन टी-107 सुल्ताना अपने नवजात शावकों को शिफ्ट करती नजर आई, वहीं शाम को बाघिन रिद्धि टी-124 का मेल शावक त्रिनेत्र गणेश मार्ग की मुख्य सड़क और पार्क की सुरक्षा दीवार पर चहलकदमी करता दिखाई दिया।

बाघ शावक रणथंभौर दुर्ग के मुख्य प्रवेश द्वार के पास बनी वाहन पार्किंग के नजदीक मुख्य सड़क पर घूमता नजर आया। इसके बाद वह पार्किंग के पास ही पार्क की सुरक्षा दीवार पर चढ़ गया और दीवार पर चलते हुए रणथंभौर के जोन नंबर तीन की ओर चला गया। शावक करीब 10 से 15 मिनट तक मुख्य सड़क और सुरक्षा दीवार पर चहलकदमी करता रहा।

शावक के सड़क और दीवार पर दिखाई देने के दौरान यहां पार्क भ्रमण के लिए जा रहे पर्यटक वाहनों का जमावड़ा लग गया। वहीं त्रिनेत्र गणेश के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं ने भी बाघ शावक की चहलकदमी देखी। पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने इस दौरान अपने मोबाइल कैमरों में फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड किए।

ये भी पढ़ें: Rajasthan News: राजस्थान में पंचायत परिसीमन को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी, चुनाव 15 अप्रैल 2026 तक

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ शावक की मॉनिटरिंग शुरू की। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी बाघिन रिद्धि अपने दोनों शावकों के साथ रणथंभौर दुर्ग के मुख्य प्रवेश द्वार तक आ गई थी।

दरअसल बाघिन रिद्धि और उसके दोनों शावकों का मूवमेंट मुख्य रूप से रणथंभौर के जोन नंबर तीन में रहता है। ऐसे में कई बार बाघिन और उसके शावक त्रिनेत्र गणेश मार्ग और रणथंभौर दुर्ग के आसपास पहुंच जाते हैं। हालांकि वन विभाग द्वारा उनकी लगातार मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग की जा रही है।

त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर बार-बार बाघों की मौजूदगी के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए वन विभाग ने त्रिनेत्र गणेश जाने वाले श्रद्धालुओं की पैदल और दुपहिया वाहनों से आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा रखी है और केवल चौपहिया वाहनों से ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही वन विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं और श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील भी की जा रही है।

गौरतलब है कि त्रिनेत्र गणेश मार्ग रणथंभौर टाइगर रिजर्व के मध्य स्थित है और इस मार्ग के आसपास करीब आधा दर्जन बाघों का नियमित मूवमेंट रहता है। ऐसे में त्रिनेत्र गणेश के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें