सवाई माधोपुर में एसीबी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी टीम ने कृषि विभाग के उपनिदेशक अनुपम गोयल को दस हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उपनिदेशक अनुपम गोयल ने निरीक्षण रिपोर्ट देने की एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी टीम ने शिकायत के सत्यापन के बाद मंगलवार शाम को ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला सवाई माधोपुर के कृषि विभाग सवाई माधोपुर में पदस्थापित अनुपम गोयल, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी के एएसपी ज्ञान सिंह चौधरी ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एसीबी चौकी सवाई माधोपुर को एक शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 से शिकायत मिली थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी अनुपम गोयल गंगापुर सिटी स्थित खाद बीज की दुकान को जारी किए गए निरीक्षण रिपोर्ट का निस्तारण करने और परेशान नहीं करने की एवज में दस हजार की रिश्वत मांग रहा है। रिश्वत नहीं देने पर उसे परेशान कर रहा है। उसके बाद एसीबी ने शिकायत सत्यापन करवाया। आरोपी 11 नवंबर को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये लेने पर सहमत हुआ। जिस पर एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में एसीबी चौकी सवाई माधोपुर के एएसपी ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व में इस ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने आरोपी अनुपम गोयल, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) कृषि विभाग सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है।