सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा मार्ग पर स्थित बिलोपा गांव का तालाब एक बार फिर से टूट गया। जिससे हजारों ग्रामीणों की जान सकते में आ गई है। गनीमत यह रही की यह तालाब मंगवार सुबह टूटा। जिस पर ग्रामीण मुस्तैद होकर मौके पर पहुंच गए। यहां सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सिविल डिफेंस की टीम तथा ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से तालाब की टूटी हुई पाल पर मिट्टी के कट्टे डालकर पानी को रोकने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीणों का यह प्रयास लगातार विफल साबित हो रहा है। बड़ी तादाद में पानी की निकासी हो रही है। इस पानी की निकासी से ग्रामीण बेहद दुखी हैं।
ये भी पढ़ें- राजस्थान के मुख्य सचिव का दिल्ली तबादला, केंद्र में सामाजिक न्याय विभाग के सचिव पद पर नियुक्त
तालाब का पानी इटावा तथा रामडी के रास्ते होकर सूरवाल बांध में जा रहा है। विगत दिनों हुई भारी बरसात में भी यह तालाब पूर्व में टूट गया था। लेकिन तब भी तालाब को पुख्ता रूप से दुरुस्त नहीं किया जा सका। जिसके चलते एक बार फिर से यह तालाब टूट गया। वहीं इस तालाब की पाल टूटने पर कुछ ग्रामीण इसे ऐसा असामाजिक तत्वों की करतूत भी मान रहे हैं। बहरहाल मौके पर तालाब की पाल को अस्थाई रूप से सही करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। मौके पर बड़ी तादाद में ग्रामीणों की भीड़ जमा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई है, लेकिन मौके पर अभी तक कोई भी अधिकारी कर्मचारी नहीं पहुंचा है।