फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan: सलूंबर में चांदी की चूड़ियों के लिए बुजुर्ग महिला की बलि, 'हैवान' पड़ोसी ने गला दबाकर की हत्या

Mon, 11 May 2026 10:03 AM IST
सलूंबर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सलूंबर

राजस्थान के सलूंबर थाना क्षेत्र के बनोड़ा गांव में चार दिन पहले लापता हुई 80 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महिला के पड़ोसी हीरालाल पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार बनोड़ा गांव निवासी मरती उर्फ अम्रती देवी (80) पत्नी स्वर्गीय रोडाजी पटेल बुधवार शाम अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सलूंबर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।

गांव में बना हुआ था चिंता और आक्रोश का माहौल

चार दिनों तक महिला का कोई पता नहीं चलने से गांव में चिंता और आक्रोश का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर महिला की जल्द तलाश की मांग भी की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम विश्नोई के निर्देशन में जांच तेज की गई। थानाधिकारी पवन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव के संदिग्ध हीरालाल पटेल को डिटेन कर पूछताछ शुरू की।

नाभि ठीक करने के बहाने बाइक पर बैठाकर ले गया आरोपी

शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या और लूट की वारदात कबूल कर ली। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे अम्रती देवी घर के बाहर नासका से मंजन कर रही थीं। उसी दौरान वह वहां पहुंचा और किसी की नाभि ठीक करने का बहाना बनाकर उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। पड़ोसी और परिचित होने के कारण वृद्ध महिला को उस पर कोई शक नहीं हुआ।

जंगल में ले जाकर गला दबाकर की हत्या

आरोपी महिला को नानगा गांव होते हुए बेड़ावल के जंगल क्षेत्र में ले गया। सुनसान इलाके में पुलिया के पास मोटरसाइकिल रोककर उसने वृद्धा का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़े और हाथों में पहने चांदी के डंक (चूड़ियां) निकाल लिए। इसके बाद शव को पुलिया के नीचे फेंककर मौके से फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर जंगल में मिला शव

आरोपी की निशानदेही पर शनिवार देर रात पुलिस टीम बेड़ावल के जंगल क्षेत्र में पहुंची, जहां पुलिया के नीचे महिला का शव बरामद हुआ। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई तथा परिजनों से शव की पहचान करवाई। इसके बाद शव को सलूंबर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

मेडिकल बोर्ड से हुआ पोस्टमार्टम

रविवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में बनोड़ा गांव में वृद्ध महिला का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला के चार दिन तक लापता रहने के बाद ग्रामीण जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. और पुलिस अधीक्षक विश्नाराम विश्नोई से मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच तेज की। पूछताछ के दौरान संदिग्ध हीरालाल पटेल ने पूरी वारदात कबूल कर ली।

ये भी पढ़ें-  60 लाख में बिका कृषि विज्ञान का पेपर: पूर्व आरपीएससी सदस्य समेत तीन गिरफ्तार, एसओजी के खुलासे से मचा हड़कंप

पहले भी चोरी के मामले में आरोपी रह चुका है गिरफ्तार युवक

पुलिस के अनुसार आरोपी हीरालाल पटेल पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। जून 2024 में वह मोटरसाइकिल चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और लूटे गए चांदी के गहनों को लेकर भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें