फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हनीट्रैप का सनसनीखेज खुलासा: नशीले पदार्थ से बेहोश कर बनाया अश्लील वीडियो, चार लाख हड़पे; 50 लाख की मांग

Mon, 29 Sep 2025 10:20 PM IST
नागौर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर

नागौर पुलिस ने हनीट्रैप के एक चौंकाने वाले मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेंद्र पुत्र शैतानराम (27), हरेन्द्र पुत्र पन्नालाल (30) और आरती शर्मा उर्फ पूजा (20) के रूप में हुई है। इनके खिलाफ कोतवाली थाने में पीड़ित विनोद सांखला (44) ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप है कि आरोपियों ने नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी अश्लील वीडियो बनाई और ब्लैकमेल कर 4 लाख रुपये हड़प लिए। अब भी वे 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे, नहीं तो वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे।
 
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार और वृताधिकारी जतिन जैन (आईपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने अपनी टीम के साथ कस्बा नागौर से तीनों आरोपियों को धर दबोचा। मामला 28 सितंबर 2025 को प्रकरण संख्या 316/2025 के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने संगठित अपराध की धाराएं जोड़कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
 
पीड़ित विनोद सांखला, जो हैदराबाद में मिठाई की दुकान चलाते हैं, ने कोतवाली थाने में अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि हरेन्द्र उनका रिश्तेदार है। करीब दो महीने पहले वे हैदराबाद से नागौर आए थे, जहां 12 अगस्त को हरेन्द्र ने उन्हें अपने दोस्त महेंद्र भाटी के हाउसिंग बोर्ड स्थित किराए के कमरे पर ले गया। वहां दो लड़कियां पहले से मौजूद थीं। विनोद ने वहां से जाने की बात कही, लेकिन हरेन्द्र ने कोल्ड ड्रिंक पीने की बात कहकर टालमटोल किया। कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद विनोद बेहोश हो गए। इस दौरान उनकी अश्लील वीडियो बनाई गई।

यह भी पढ़ें- Actor Veer Sharma Death: बेटों के शव देख सुध खो बैठी एक्ट्रेस मां, बोली- दोनों अभी उठकर करेंगे पढ़ाई और मस्ती
 
20-25 दिन बाद महेंद्र और एक लड़की ने विनोद को फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डर के मारे विनोद ने अलग-अलग समय पर आरोपियों को 4 लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद आरोपी 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे और वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दे रहे थे। पीड़ित ने पुलिस को धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग और पैसे मांगने के स्क्रीनशॉट सौंपे।
 
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे ऐसे संगठित गिरोहों से सावधान रहें, जो इस तरह की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं। यह मामला नागौर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- Rajasthan News: डूंगरपुर में युवक की मौत की अफवाह से तनाव, पुलिस की गाड़ी पर पथराव; दोवड़ा छावनी में तब्दील

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें