कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में सर्दी ने अब अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते कई दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं सुबह और देर शाम घना कोहरा छाए रहने से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सर्द हवाओं और कोहरे की दोहरी मार से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
तड़के सुबह घना कोहरा छा जाने से दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसका सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट व फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं कुछ लोगों ने कोहरा छंटने तक यात्रा टालना ही बेहतर समझा। खासकर सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
ये भी पढ़ें: Dausa News: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ का कांग्रेस पर हमला, बोले- डोटासरा की पर्ची जाने वाली है
कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए कस्बों और गांवों में जगह-जगह अलाव जलते दिखाई दिए। लोग ऊनी कपड़ों में लिपटे नजर आए और चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई। ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों का कामकाज प्रभावित हुआ है। ठंड के कारण सुबह के समय खेतों में काम शुरू करने में देरी हो रही है, वहीं पशुपालकों को पशुओं को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार इस मौसम में सर्दी-जुकाम, खांसी और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले कुछ दिनों तक कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।