शहर में कल रात एक युवक ने अंधेरे का फायदा उठाकर घर के बाहर खड़े दो वाहनों में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। आग की ऊंची लपटें देखकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पानी डालकर आग बुझाई। यह घटना शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिद्धि-सिद्धि नगर, कृष्ण विहार भदाना की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक वारदात के बाद भागता हुआ दिखाई दे रहा है।
पीड़िता अनीता ने बताया कि वह देर रात अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार एक युवक उनके घर के बाहर रुका। वह मोबाइल पर बात कर रहा था और उसके पास पेट्रोल से भरी बोतल थी। युवक बोतल लेकर घर के पास आया और वहां खड़े दो वाहनों पर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद उसने माचिस की तीली जलाकर स्कूटी की ओर फेंक दी। आग लगते ही ऊंची लपटें उठने लगीं और युवक मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: फ्री इलाज योजना में 50 फीसदी से ज्यादा क्लेम रिजेक्ट, सरकार ने योजना प्रभारियों को थमाए नोटिस
वहीं रेलवे कॉलोनी थाना के एसआई राम सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा वाहनों में आग लगाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। इस संबंध में एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें एक युवक घर के बाहर खड़ी दो स्कूटियों में आग लगाकर भागता हुआ नजर आ रहा है। पड़ोसियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। आरोपी किस दिशा में भागा, इसका पता सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।