जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो आत्महत्याओं की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। दोनों मामलों में महिलाओं ने फांसी लगाकर जान दे दी। एक मामले में मृतका ने सुसाइड नोट छोड़ा है, जबकि दूसरे मामले में गर्भवती महिला की मौत को लेकर परिजनों ने दहेज और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनाएं रानपुर और आरकेपुरम थाना क्षेत्रों की हैं।
रानपुर इलाके में टीना राठौर नामक महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। मृतका की शादी जॉनी राठौर से हुई थी। टीना के भाई ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान थी, हालांकि उसने कभी खुलकर परेशानी का कारण नहीं बताया। परिजनों का आरोप है कि ससुराल में छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन विवाद होता था।
सुसाइड नोट में मृतका ने लिखा है कि मुझे माफ कर देना सब लोग, मैं अपनी मर्जी से मर रही हूं। किसी की कोई गलती नहीं है। मेरी सोच ही खराब हो गई है, जो मुझे जीने नहीं दे रही। मेरे पति और ससुराल वालों की कोई गलती नहीं है लेकिन मेरी सोच मुझे जीने नहीं दे रही। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Kota News: रामगंज मंडी में राम कथा करने पहुंचे आचार्य धीरेंद्र शास्त्री, एक झलक देखने के लिए बेकाबू हुई भीड़
दूसरी घटना आरकेपुरम थाना क्षेत्र की है, जहां 25 वर्षीय नैना सिंह अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। नैना की शादी करीब 23 माह पहले गजेंद्र सिंह से हुई थी। वह सात महीने की गर्भवती थी और पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पिछले 8-9 महीनों से नैना को दहेज और घरेलू बातों को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
डीएसपी मनीष शर्मा के अनुसार मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।