जोधपुर जिले के पीपाड़ सिटी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सीआईएसएफ के एक हेड कॉन्स्टेबल ने अपने पिता की फावड़े से हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे दो पड़ोसी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घटना सुबह करीब 7:05 बजे की है।
जानकारी के अनुसार CISF हेड कॉन्स्टेबल प्रकाश पिचकिया, जो दिल्ली में पोस्टेड है। छुट्टी लेकर सुबह ही अपने गांव साथीन के पास पिचकियों की ढाणी स्थित घर पहुंचा था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसका पिता रामपाल से झगड़ा हो गया। देखा-देखी में विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में प्रकाश ने घर में पड़ा फावड़ा उठा लिया और पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों की वजह से रामपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी बलदेवराम नाथावत और कानसिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में कानसिंह का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि बलदेवराम के सिर में गहरी चोट आने से कई टांके लगाए गए हैं। दोनों घायलों का पीपाड़ सिटी के सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ये भी पढ़ें- एथेनॉल फैक्टरी विवाद: बातचीत में कहां अटकी बात, प्रशासन ने मांगा और समय; जानें क्या मांग रहे किसान
घटना की सूचना पर पीपाड़ सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी मांगीलाल बिश्नोई ने बताया कि आरोपी प्रकाश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने खून से सना फावड़ा बरामद कर लिया है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया था।
जोधपुर ग्रामीण एएसपी भोपाल सिंह लखावत ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी जब भी छुट्टी पर घर आता था, तब परिवार वालों से झगड़ा करता था। आरोपी की करीब 15 साल पहले शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों व पड़ोसियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। इस दिल दहला देने वाली घटना से क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।