अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फलोदी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरसों की फसल के बीच की जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 25,800 अफीम के हरे पौधे बरामद कर आरोपी मंगनाराम को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम से संभावित उत्पादन लगभग 125 किलोग्राम आंका गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक फलोदी कुंदन कंवरिया (आईपीएस) ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों और खेती करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण (आरपीएस) और वृताधिकारी अचलसिंह के सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) फलोदी एवं थाना फलोदी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें- Rajasthan News: अचरोल अस्पताल मुद्दे पर कांग्रेस का वॉकआउट, ऑनलाइन सट्टेबाजी को लेकर भाजपा पर निशाना
आरोपी को मौके से गिरफ्तार
कार्रवाई दिनांक 18 फरवरी 2026 को डीएसटी सदस्य गंगाराम से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने सरहद ढढू क्षेत्र में उमाणी नगर निवासी मंगनाराम पुत्र बलवंताराम बिश्नोई के खेत पर दबिश दी। मौके पर सरसों की खड़ी फसल के बीच दोनों ओर बड़े पैमाने पर अवैध अफीम के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कम समय में अधिक मुनाफा कमाने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के उद्देश्य से अवैध अफीम की खेती की थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों से दूर रहें, क्योंकि इनका सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। साथ ही मादक पदार्थों का उत्पादन, खरीद-फरोख्त, परिवहन या संग्रह कानूनन अपराध है। ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।