केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सोमवार को जैसलमेर से जोधपुर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी मानसून को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष निचले इलाकों में जलभराव के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि एक युवक की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए इस बार पहले से ही ठोस प्रबंध किए जाएं। मंत्री शेखावत ने सड़कों और निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जनजीवन सामान्य बना रहे, इसके लिए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहना होगा।
सड़क हादसे में मृत पर्यावरण प्रेमी व पुलिसकर्मी के परिजनों से मिले
अपने दौरे के दौरान केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवा पर्यावरण प्रेमी और वन विभाग के कार्मिकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही, बजरी माफियाओं का शिकार हुए पुलिस कांस्टेबल सुनील खिलेरी के परिजनों से भी मिलकर उन्होंने दुःख जताया।
पढ़ें: नाहरगढ़-सरिस्का अभयारण्यों में वाणिज्यिक गतिविधियों का मामला, बेनीवाल की मांग पर मांगी गई रिपोर्ट
जोधपुर को मिलेगा वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध किया था कि जोधपुर में पहले से मौजूद लोको डीजल शेड का आधुनिक उपयोग किया जाए। इसके परिणामस्वरूप जोधपुर में देश का पहला वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो स्थापित किया जा रहा है। यह डिपो आने वाले समय में जोधपुर के औद्योगिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री शेखावत ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। जोशीला स्वागत पाने के बाद केंद्रीय मंत्री शेखावत ने आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।