जोधपुर पहुंचे राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष के पास हल्ला मचाने और सुर्खियों में रहने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है, जबकि अरावली और पर्यावरण को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है।
सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने अपने जोधपुर प्रवास के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास हल्ला मचाने और सुर्खियों में बने रहने के अलावा कोई काम नहीं बचा है। अरावली को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण और अरावली संरक्षण को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल सोमवार देर शाम सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस मनरेगा योजना के नाम में बदलावको लेकर बेवजह राजनीति कर रही है। योजना को पहले से विस्तार देकर अधिक प्रभावी बनाया गया है और गरीबों के हित में सरलीकरण किया गया है, लेकिन कांग्रेस को केवल नाम बदलने पर ही आपत्ति है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का सम्मान भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस से अधिक करती है।
ये भी पढ़ें: Udaipur News: फिर टली विक्रम भट्ट दंपती की जमानत पर सुनवाई, अब सोमवार को हो सकता है फैसला
नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर मंत्री पटेल ने कहा कि कोर्ट ने केवल चार्जशीट में तकनीकी त्रुटि बताते हुए संशोधन की बात कही है। ऐसा कोई फैसला नहीं आया है, जैसा कांग्रेस प्रचारित कर रही है। इसके बावजूद कांग्रेस एक बार फिर इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है।
पंचायत राज और निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव नहीं कराती, बल्कि चुनाव आयोग चुनाव कराता है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करना सरकार का काम नहीं है। जब भी चुनाव आयोग चुनाव कराने का निर्णय लेगा, सरकार पूरी तरह तैयार है। प्रयास यह है कि एक राज्य, एक चुनाव की दिशा में आगे बढ़ा जाए।
अरावली मुद्दे पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस बेवजह शोर मचा रही है। सरकार हर साल बड़े स्तर पर पौधारोपण कर रही है और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर है। कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह ऐसे विषयों पर सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रही है।
कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल अपने गृह नगर प्रवास पर हैं। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में आमजन से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।