जालौर जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसके तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में चितलवाना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 571 ग्राम अफीम का दूध जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बाबूराम उर्फ बाबूलाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशन में जिले भर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि सांगड़वा गांव में एक व्यक्ति अवैध रूप से अफीम का दूध संग्रह कर रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू और सहायक पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निकटतम सुपरविजन में चितलवाना थानाधिकारी अमृतलाल के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी गई।
यह भी पढ़ें: ब्रह्मकुमारीज संस्थान की अंतरराष्ट्रीय कार्यकारिणी की 5 दिवसीय बैठक शनिवार से, पदाधिकारी होंगे शामिल
पुलिस टीम ने सांगड़वा गांव में आरोपी बाबूराम उर्फ बाबूलाल के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके घर से 571 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया गया। जब पुलिस ने आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: शहर के सभी फिल्टर हाउस से इन क्षेत्रों में जलापूर्ति आठ अप्रैल को रहेगी बंद, कारण ये रहा
पुलिस ने आरोपी बाबूराम उर्फ बाबूलाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह मादक पदार्थ कहां से प्राप्त किया और किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति की जा रही थी। इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी रहेगी।