बताया जा रहा है कि आरोपी ने होटल संचालक से कहासुनी के बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बलवंत सिंह निवासी देताखुर्द को शांतिभंग की धाराओं 151 एवं 107/116 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित बुजुर्ग के अनुसार उनका बेटा किसी शादी समारोह में गया हुआ था और इस दौरान वे खुद होटल संभाल रहे थे, तभी एक युवक होटल पर पहुंचा और खाना पैक करने को कहा। खाना पैक कर देने के बाद युवक ने उनके बेटे के बारे में पूछा, जिस पर बुजुर्ग ने बताया कि वह शादी में गया हुआ है। इसके बाद युवक ने कहासुनी शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए अचानक मारपीट पर उतर आया।
यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक पहले कहासुनी और गाली-गलौज करता है, फिर बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट करता है।
हालांकि पीड़ित की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने वायरल वीडियो को आधार बनाते हुए आरोपी को शांतिभंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है।