फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur News: NEET परीक्षा से पहले जयपुर में सुरक्षा का फुल ड्रेस रिहर्सल, 103 केंद्रों पर जांची गई तैयारियां

Sat, 20 Jun 2026 07:23 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

21 जून को होने वाली NEET परीक्षा को लेकर राजस्थान में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जयपुर पुलिस और NTA ने संयुक्त रूप से मॉकड्रिल कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पेपर लीक और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रश्नपत्रों को त्रिस्तरीय सुरक्षा में रखा गया है। राज्य के 25 जिलों में 611 केंद्रों पर दो लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा से पहले जयपुर में सुरक्षा का फाइनल टेस्ट
21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर राजस्थान में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जयपुर पुलिस और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से संयुक्त रूप से फुल ड्रेस रिहर्सल और मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसका उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, सुरक्षा चूक या पेपर लीक जैसी आशंकाओं को पूरी तरह खत्म करना है।

परीक्षा केंद्रों पर पहुंची पुलिस और एनटीए की टीम
मॉकड्रिल के दौरान जयपुर शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पुलिस अधिकारियों और एनटीए की टीमों ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, जैमर, कंट्रोल रूम और अन्य तकनीकी उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की। इसके साथ ही परीक्षा संचालन में तैनात कर्मचारियों और स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान माणक चौक थाना प्रभारी राकेश ख्यालिया सहित पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्कूल प्रशासन के साथ परीक्षा दिवस पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर चर्चा की और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।

एयरपोर्ट से बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम तक प्रश्नपत्रों पर पहरा
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट से जयपुर लाया गया है। इसके बाद इन्हें संबंधित जिलों में भेजकर विभिन्न बैंकों के स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में सुरक्षित रखा गया है। एनटीए ने पेपर लीक की आशंका को खत्म करने के लिए प्रश्नपत्रों के अलग-अलग सेट अलग-अलग बैंकों में सुरक्षित रखवाए हैं। परीक्षा के दिन ही अंतिम रूप से तय किया जाएगा कि किस सेट का उपयोग किया जाएगा।

राजस्थान के 25 जिलों में 611 केंद्र, दो लाख से ज्यादा परीक्षार्थी
राजस्थान के 25 जिलों में कुल 611 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में 103 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जा चुके हैं, ताकि परीक्षा के दौरान इंटरनेट और संचार माध्यमों के दुरुपयोग को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें: NEET परीक्षा से पहले सरकार का बड़ा भरोसा, गजेंद्र शेखावत बोले- गड़बड़ी नहीं होगी, पीएम मोदी खुद कर रहे निगरानी

सुरक्षा बलों की तैनाती, हर गतिविधि पर रहेगी नजर
पुलिस और एनटीए अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती रहेगी और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें