फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur News: राजस्थान हाईकोर्ट को ई-मेल पर मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली, जांच में जुटी पुलिस

Fri, 31 Oct 2025 03:11 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में तमिलनाडु सरकार और नाबालिगों से रेप की घटनाओं को लेकर गुस्सा जताते हुए तुरंत बिल्डिंग खाली कराने की चेतावनी दी गई थी। इस धमकी भरे मेल के सामने आते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कोर्ट परिसर को खाली कराया। वकील, न्यायाधीश और स्टाफ को सुरक्षा के लिहाज से बाहर भेज दिया गया। कोर्ट के बाहर सैकड़ों लोग जमा हो गए, जिससे सुरक्षा बलों को भीड़ नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी।

डीसीपी राजर्षि राज के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है लेकिन एहतियात के तौर पर तलाशी जारी है।

ये भी पढ़ें: Barmer News: आजादी के 78 साल बाद बिजली से रोशन होंगे ये गांव, शिव विधायक ने विद्युतीकरण के लिए राशि स्वीकृत की

साइबर सेल की टीम धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किस आईपी एड्रेस से भेजा गया और क्या यह किसी शरारती तत्व का काम है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मेल के पीछे की मंशा क्या थी।

गौरतलब है कि जयपुर में यह पहली बार नहीं है जब किसी संस्था या सरकारी भवन को बम धमकी मिली हो। इससे पहले 30 सितंबर को भांकरोटा स्थित माय ओवन स्कूल को इसी तरह की धमकी मिली थी। हालांकि उस समय स्कूल खाली था और जांच में कुछ नहीं मिला। इसके अलावा 8 सितंबर को मानसरोवर स्थित स्प्रिंगफील्ड स्कूल और शिवदासपुरा के एक निजी स्कूल को भी इसी प्रकार का ई-मेल भेजा गया था।

जयपुर की सिविल कोर्ट को भी पहले बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है। फिलहाल पुलिस और साइबर विशेषज्ञ मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान जल्द हो सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें