जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भांकरोटा थाना क्षेत्र में रामचन्द्रपुरा पुलिया के पास मिथाइल केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 4:45 बजे हुई, जब टैंकर अजमेर से जयपुर की ओर जा रहा था।
पुलिस के अनुसार पुलिया पर चढ़ते समय टैंकर के टायर के पास अचानक चिंगारियां निकलीं, जिससे टैंकर के निचले हिस्से में आग लग गई। टैंकर में ज्वलनशील मिथाइल केमिकल भरा होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी। चलते टैंकर में आग लगते देख आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
राहगीरों ने तुरंत ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी। हालात की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने बिना देरी किए टैंकर को सड़क किनारे रोका और अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतर गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले पुलिसकर्मियों ने उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें: Bikaner News: गोगामेड़ी सब्जी मंडी में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से कई दुकानें स्वाहा, बड़ा हादसा टला
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान हाईवे पर यातायात को एहतियातन कुछ समय के लिए रोका गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो दिसंबर 2024 में हुए भांकरोटा अग्निकांड जैसा बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल टैंकर को सुरक्षित स्थान पर हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है।