राजस्थान की भजनलाल सरकार सत्ता में आने के बाद भले ही कानून व्यवस्था की सुदृढ़ स्थिति होने की बात करें, लेकिन धरातल पर मामला उल्टा नजर आता है। उधर दौसा जिला पुलिस भी बार-बार अपराध के खिलाफ जंग करने की बात करती है, लेकिन यहां भी मामला कुछ अलग ही है।
दौसा जिले के युवा नशे में लिप्त होने लगे हैं, जिसके चलते कई परिवार बर्बादी की तरफ आ चुके हैं। मामला दौसा जिले के सिकंदरा का है, जहां भांग के ठेके पर स्मैक गांजे के अवैध कारोबार सरेआम फल फूल रहा है और सिकंदरा थाना पुलिस इस कारोबार से अनजान बनी बैठी है। उपखंड क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की लगातार हो रही बिक्री के खेल का अब तक पर्दे में था, लेकिन अवैध मादक पदार्थों का पर्दाफाश तब हुआ, जब सिकंदरा से गंजा खरीदने का एक वीडियो वायरल हुआ, जिस पर सिकंदरा थाना अधिकारी सुनीलाल ने कहा कि मैं खुद कई बार सिकंदरा कस्बे में गश्त के अलावा भी देखने जाता हूं, लेकिन इस तरह का कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं है, जबकि जिस दुकान का यह वीडियो बताया जा रहा है, वहां कई बार जा चुका हूं, लेकिन फिर भी इस मामले की जांच की जाएगी।
उधर, सिकंदरा चौराहे पर भांग के ठेके पर सरेआम गांजा, स्मैक, चरस बिक्री की सूचना पर किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जिस पर दौसा (कार्यवाहक) जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि इस तरह की कोई बात मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा मामला है तो कार्रवाई निश्चित की जाएगी। वहीं इस मामले में पूर्व जिला अध्यक्ष अमर सिंह कसाना का कहना है कि सिकंदरा थाना पुलिस नशे के सौदागरों के साथ मिली हुई है, जिसके चलते भगत का यह सारा खेल सरेआम खेला जा रहा है।