जिले में बुजुर्ग महिला पर ब्लेड से हमला कर सोने के आभूषण लूटने की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। रीको थाना पुलिस ने ऑपरेशन खुलासा के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लूटे गए गहने बरामद किए। रविवार को एएसपी नितेश आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़ी सफलता की जानकारी दी।
एएसपी आर्य ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन में रीको थाना टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर आरोपी की पहचान की। गहन तलाश के बाद आरोपी को मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना 5 दिसंबर की है, जब रूखमा पत्नी प्रभुराम जाट निवासी भाडखा शिवकर बस स्टैंड से पैदल अपने पीहर जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर सवार युवक उसके पास आया और ब्लेड से हमला कर उसके गले से सोने का तिमणिया, कंठी और हरडिया छीनकर फरार हो गया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई थी।
ये भी पढ़ें: Jodhpur News: नाकाबंदी तोड़कर भागी बिना नंबर की पिकअप, कई वाहन क्षतिग्रस्त,पुलिस ने पीछा कर 3 बदमाशों को पकड़ा
पीड़िता ने तुरंत रीको थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर लूट और मारपीट का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और तकनीकी टीम की मदद से आरोपी तक पहुंची। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके पास से लूटे गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।
एएसपी के अनुसार आरोपी शहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था, लेकिन ऑनलाइन गेमिंग और शेयर बाजार में पैसा लगाने की लत के कारण उस पर भारी कर्ज हो गया था। अपनी लत पूरी करने के लिए उसने अपनी पत्नी और भाभी के गहने तक गिरवी रख दिए थे।
कर्ज चुकाने के लिए आरोपी राह चलती महिलाओं की रेकी कर सूनसान जगहों पर उनसे गहने लूटने लगा था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने पहले भी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।