फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banswara News: SIR ड्राफ्ट सूची में 1.14 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कटे, 15 जनवरी तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

Tue, 16 Dec 2025 11:53 PM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई। जिले में कुल 1 लाख 14 हजार 800 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। गणना चरण के दौरान जिले में कुल 14 लाख 39 हजार 442 मतदाता थे, जिन्हें गणना प्रपत्र वितरित किए गए। इनमें से 13 लाख 24 हजार 642 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाए, जिनके नाम 16 दिसंबर को जारी प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि हटाए गए मतदाताओं में 33 हजार 565 मृतक, 55 हजार 436 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 13 हजार 62 अनुपस्थित, 12 हजार 186 दोहरे पंजीकरण वाले तथा 551 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 8 हजार से अधिक मतदाताओं के दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए गए हैं। ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे और यदि वे एक माह के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं तो उनके नाम पुनः जोड़े जाएंगे। प्रारूप मतदाता सूची पर 15 जनवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में मतदाता अपने नामों को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। 7 फरवरी तक ईआरओ द्वारा इनका निस्तारण किया जाएगा, जबकि 14 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: राजस्थान में एसआईआर की ड्राफ्ट रोल में 41 लाख 85 हजार के नाम हटाए

पुरुष मतदाता अधिक

प्रारूप प्रकाशन के बाद जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 24 हजार 642 मतदाता हैं, जिनमें 12 ट्रांसजेंडर मतदाता भी शामिल हैं। इनमें घाटोल विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 69 हजार 111, गढ़ी में 2 लाख 73 हजार 998, बांसवाड़ा में 2 लाख 61 हजार 775, बागीदौरा में 2 लाख 59 हजार 474 और कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 60 हजार 284 मतदाता हैं। कुल मतदाताओं में 6 लाख 76 हजार 997 पुरुष और 6 लाख 47 हजार 633 महिला मतदाता शामिल हैं।

मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. यादव ने बताया कि पूर्व में जिले में 1,418 मतदान केंद्र थे, जिनका पुनर्गठन एवं सुव्यवस्थीकरण किया गया है। अब जिले में 1,200 से अधिक मतदाताओं वाला कोई भी मतदान केंद्र नहीं है। मतदाताओं की सुविधा के लिए 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का पुनर्गठन कर नए मतदान केंद्र सृजित किए गए हैं। इसके बाद जिले में कुल 1,684 मतदान केंद्र हो गए हैं। इनमें घाटोल विधानसभा क्षेत्र में 345, गढ़ी में 333, बांसवाड़ा में 337, बागीदौरा में 340 और कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 329 मतदान केंद्र शामिल हैं।

नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे

18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले 1,233 मतदाताओं के फॉर्म-6 ऑनलाइन तथा 2,828 फॉर्म-6 ऑफलाइन बीएलओ के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। इसके अलावा 1 अप्रैल 2026, 1 जुलाई 2026 अथवा 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी फॉर्म-6 एवं निर्धारित घोषणा पत्र भरकर अग्रिम आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें