अलवर में पानी की समस्या को लेकर खाटू श्याम मंदिर से अखैपुरा तक की स्थानीय महिलाएं आज मनु मार्ग स्थित जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने इलाके में एक महीने से जारी पानी की किल्लत को लेकर विरोध जताया और अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं।
महिलाओं का कहना है कि खाटू श्याम मंदिर तक तो पानी की आपूर्ति सुचारू है, लेकिन उसके आगे अखैपुरा मोहल्ले में पानी की भारी किल्लत है। दो दिन पूर्व भी स्थानीय महिलाएं और पुरुष जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे थे, जहां अधिकारियों ने इलाके में जल्द ही बोरिंग लगाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई न होने पर महिलाएं मिनी सचिवालय जिला कलेक्टर कार्यालय भी पहुंचीं और अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
पढ़ें: जल चोरी पर प्रशासन का कड़ा रुख, चार मुकदमे दर्ज, लाखों का जुर्माना वसूला; जानें पूरा मामला
अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने एक बार फिर जल्द ही बोरिंग करवाने का आश्वासन दिया और जलदाय विभाग कार्यालय जाने को कहा, लेकिन कार्यालय पहुंचने के बाद भी कोई अधिकारी नहीं मिला। नाराज महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनके इलाके में बोरिंग लगाने का काम शुरू नहीं होगा, तब तक वे धरने पर बैठी रहेंगी।
गौरतलब है कि 21 मार्च को भी महिलाएं जलदाय विभाग कार्यालय गई थीं और जोर-शोर से पानी की मांग उठाई थी। उस समय भी अभियंताओं ने जल्द बोरिंग कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन वादे के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
महिलाओं का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे वे बेहद निराश हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक कोई अधिकारी आकर ठोस वादा नहीं करता, वे कार्यालय के बाहर धरने पर डटी रहेंगी।