सदर थाना क्षेत्र में जोमैटो के कर्मचारी के साथ मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को पहले ही निरुद्ध किया जा चुका है। पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित युवक ने 9 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि पांच बदमाशों ने उसे घेरकर मारपीट की और उसके जोमैटो बैग में रखा मोबाइल और नकदी लूट ली।
घटना के बाद पुलिस ने 14 जनवरी को दो नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध कर लिया था, लेकिन अन्य तीन आरोपी फरार थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी, लेकिन वे बचते रहे। लगातार जांच के बाद मुख्य आरोपी अंकित और पवन को आज गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि ये दोनों कुख्यात अपराधी हैं और पहले भी कई लूट की वारदातों में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस के अनुसार अब भी एक आरोपी फरार है, जिसके पास पीड़ित का मोबाइल बताया जा रहा है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस को शक है कि गिरफ्तार आरोपियों को फरार बदमाश के ठिकाने की जानकारी हो सकती है। इसलिए अंकित और पवन को पीसी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
वारदात की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि ये आरोपी सूनसान इलाकों में अपराध को अंजाम देते थे और फिर भाग जाते थे, ताकि किसी की पकड़ में न आ सकें। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।