शहर के वार्ड नंबर 27, अखेपुरा में छह महीने पहले बनी सड़क को फिर से तोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। यह सड़क वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा द्वारा 95 लाख रुपये की लागत से छह महीने पहले उद्घाटित की गई थी लेकिन अब नगर निगम ने जेसीबी से इस सड़क का आधा हिस्सा तोड़ दिया, जिससे स्थानीय लोगों में गुस्सा और निराशा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क तोड़ने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पानी की पाइप लाइन नई डाली जा रही है, जबकि यह पाइप लाइन पहले ही सही कर दी गई थी। और तो और इस पाइप लाइन के कारण क्षेत्रवासियों को पानी की आपूर्ति में सुधार हुआ था लेकिन सड़क तोड़ने के कारण वही पाइप लाइन फिर से टूट गई है, जिससे पानी की समस्या बढ़ गई है।
स्थानीय निवासी कमल सिंह और एक अन्य बुजुर्ग ने बताया कि 15 साल बाद मोहल्ले में पानी की समस्या हल हुई थी, लेकिन अब फिर से पानी की आपूर्ति में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछले दस दिनों से यहां के लोग पानी की कमी से जूझ रहे हैं। सड़क तोड़ने से कई लोग गिरकर घायल भी हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का काम पूरा किया जाए और पानी की पाइप लाइन को सही किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकाला गया तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे और जरूरत पड़ने पर रास्ता जाम भी करेंगे।