फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alwar News : घर में अकेले रह रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग की हाथ-पैर बांधकर हत्या, खुली मिलीं अलमारियां, लूट की आशंका

Sat, 11 Jul 2026 09:08 AM IST
अलवर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खदाना मोहल्ले में 80 वर्षीय बुजुर्ग की हाथ-पैर बांधकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद घर की अलमारियां खुली मिलीं और सामान बिखरा हुआ था, जिससे पुलिस लूट के एंगल से भी जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग दिनेशचंद्र अग्रवाल घर में अकेले रहते थे और प्रतिदिन रात का भोजन अपने बेटे विकास अग्रवाल के घर करते थे। गुरुवार रात जब वे भोजन के लिए नहीं पहुंचे तो परिजन दूसरी चाबी लेकर उनके घर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही उन्होंने देखा कि दिनेशचंद्र के हाथ-पैर बंधे हुए थे, मुंह ढंका हुआ था और उनका शव कमरे में पड़ा था।

परिजनों का आरोप है कि बदमाश मकान के पिछले हिस्से से घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए। घर की अलमारियां खुली मिलीं और सामान बिखरा हुआ था। प्रारंभिक आशंका है कि घर से नकदी भी गायब हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक पुराने नोटों के करंसी एक्सचेंज का काम करते थे, जिसके कारण घर में नकदी रखी होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: Jaipur News: पुलिस को छह महीने तक चकमा देता रहा इनामी आरोपी, तकनीकी निगरानी से पकड़ा गया बदमाश

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, डीएसपी अंगद शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी रमेश सैनी तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजीव गांधी सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

फिलहाल पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या और लूट सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें