शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को अलवर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लिया गया है।
मामले के अनुसार 3 फरवरी को सिटी हॉस्पिटल के पास तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए और वहां से गुजर रही दो महिलाओं से गाली-गलौज करने लगे। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस मामले में आरोपी शमशेर सिंह उर्फ बच्ची निवासी नौगांवा और अमीर उर्फ अमीरी झाहनपुर की ढाणी थाना गोविंदगढ़ को नोगांवा थाना पुलिस ने पहले आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था, जिसके बाद एनईबी थाना पुलिस ने फायरिंग के मामले में उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पूछताछ और जांच में पता चला कि शमशेर सिंह के खिलाफ करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से कुछ हरियाणा के थानों में भी दर्ज हैं, जबकि अमीर के खिलाफ लगभग 11 मुकदमे अलग-अलग थानों में हैं।
एनईबी थाना के एएसआई अजय शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उनके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों में क्या कार्रवाई हुई है और कितने मामलों में वे पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। दोनों कुख्यात बदमाश और पुलिस के घोषित हिस्ट्रीशीटर हैं। पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर और जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है।