फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alwar News : चोरों के बुलंद हौसलों पर नहीं लग रहा अंकुश, सूने मकानों से 30 लाख का माल लेकर हुए रफू चक्कर

Wed, 05 Feb 2025 04:10 PM IST
अलवर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं लग पा रहा है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि पुलिस की गश्त इन घटनाओं पर रोक नहीं लगा पा रही है। हाल ही में चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाया है, जिसमें एक मकान से करीब 30 लाख रुपये के सोने और चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं। वहीं दूसरे मकान से चोरी का नुकसान उसके मालिक के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के 27 तेज मंडी निवासी सुमित गुप्ता, जो भिवाड़ी में वोडाफोन चैनल पार्टनर हैं, भिवाड़ी में अपने परिवार के साथ रहते हैं और महीने में एक बार अलवर स्थित अपने मकान पर आते हैं। एक सप्ताह पहले ही वे भिवाड़ी से अलवर आए थे और आज उनके पड़ोसियों ने उन्हें फोन करके बताया कि उनके मकान के गेट का ताला टूटा हुआ है और गेट खुला पड़ा है। इस सूचना के बाद सुमित गुप्ता अलवर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनके मकान से करीब 25 लाख रुपये के सोने के जेवर और 5 लाख रुपये के चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। चोरी गए जेवरों में सोने के दो हार, दो चेन, चांदी के 80 से अधिक सिक्के और चांदी का नारियल शामिल हैं। इसके साथ ही चोर घर में रखी तीन हजार रुपयों की नकदी भी ले भागे।

सुमित गुप्ता के घर के पास ही उनके भाई अनीश का भी मकान है, जो फिलहाल महाकुंभ में प्रयागराज गए हुए हैं। उनके मकान के भी ताले टूटे हुए थे। जब अनीश को इस बारे में जानकारी दी गई, तो उन्होंने अपने किसी रिश्तेदार को घर भेजकर दूसरा ताला लगवाया। हालांकि उनके घर में कितनी चोरी हुई है, इसका पता तो उनके लौटने के बाद ही चल पाएगा।

कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरी की घटनाओं की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। हालांकि अब तक पुलिस के हाथ कुछ ठोस जानकारी नहीं लगी है लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें