टोंक जिले में नशे का कारोबार दिनों दिन फल फूल रहा है। देवली उपखंड में और दूनी में तो कारोबार इस कदर हावी है कि नशे के कारोबारी किसी की जान लेने से भी नहीं चूकते हैं। स्मैक तस्करों में न पुलिस का खौफ है न ही प्रशासन का डर। नशे के कारोबारी बेखौफ तस्करी कर रहे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक के साथ स्मैक तस्करों ने जमकर मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि मामले की शिकायत दूनी थाने में दर्ज करवाई, लेकिन पुलिस ने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने बताया कि गत दिनों मारपीट के बाद युवक को उपचार करवा कर घर लाया गया। उक्त तस्करों ने फिर युवक को जहरीला पदार्थ खिला दिया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले को लेकर परिजनों ने देवली पंचायत समिति प्रधान गणेश लाल जाट के नेतृत्व में दूनी थाने पर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज करने और पूर्व में दी गई नामजद रिपोर्ट के आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह दूनी थाने पहुंचे है और परिजनों से समझाइश का प्रयास किया जा रहा है।