नागौर शहर की करणी कॉलोनी में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। इस घटना में एक वृद्ध दंपती ने एक साथ टैंक में कूदकर सुसाइड कर लिया और इस घटना से पूरा इलाका हैरान रह गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये दंपती अकेले ही इस घर में रह रहे थे। परिवार के बीच संपत्ति सहित कई तरह के विवाद चल रहे थे। इसी कलह के चलते 70 साल की उम्र में वृद्ध दंपती ने इस तरह का हैरान वाला कदम उठाया।
इस पूरे मामले को लेकर एसपी नारायण टोगस ने बताया कि नागौर शहर की करणी कॉलोनी में रहने वाले वृद्ध हजारीराम और उनकी पत्नी चावली ने सुसाइड किया है। मृतक हजारी राम की उम्र करीब 70 साल और पत्नी चावली की उम्र 68 साल बताई जा रही। इस पूरे मामले में पिछले दो दिनों से पड़ोसियों ने जब वृद्ध दंपती को नहीं देखा तो उनके बेटे को इस बात की सूचना दी, इसके बाद वृद्ध दंपती के बेटे ने कोतवाली थाना पुलिस को सूचित किया और अनहोनी की आशंका जताई। इसी सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जब मौके पर जाकर देखा तो पता चला कि पानी से भरा हुए टांके का ढक्कन खुला है और वृद्ध दंपती के शव पानी में हैं।
घर की दीवारों पर जगह-जगह चिपकाया नोट
अपनी जान देने वाले हजारी राम और चावली के सुसाइड करने से पहले हजारीराम ने सुसाइड नोट लिखा और इस सुसाइड नोट में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घर की दीवारों पर जगह यह सुसाइड नोट चस्पा किया। पुलिस ने इन सुसाइड नोट के आधार पर अपनी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौके के हालात का जायजा लिया।
सुसाइड नोट में कही ये बात
इस पूरे मामले में सुसाइड नोट में जिन बातों का जिक्र है, उससे यह लगता है कि यह पूरा का पूरा मामला पारिवारिक कलह और संपत्ति से जुड़ा हुआ है। अपने ही बेटों उनकी पत्नियों और बाकी के परिजनों पर वृद्ध दंपती ने सुसाइड नोट में आरोप लगाए हैं। इसके अलावा कई और रिश्तेदारों पर भी परेशान करने के आरोप हैं। सुसाइड नोट में इस बात का जिक्र है कि वृद्ध दंपती को परेशान किया जा रहा था और अपने ही बेटों सहित अन्य के परिजनों पर आरोप है। पूरे मामले में परिवार और रिश्तेदारों के आने के बाद सब टांकों से बाहर निकले और मोर्चरी में रखवाए गए हैं।