नागौर के शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे मजदूर को हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से करंट लग गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
घटना शीतला माता मंदिर के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन मकान की है, जहां मकान के ऊपर 11 केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि मजदूर नीचे बैठकर काम कर रहा था, लेकिन जैसे ही वह खड़ा हुआ, वह बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह धू-धू कर जलने लगा और छत पर गिर पड़ा।
पुलिस और मकान मालिक अनजान
जब इस वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए पुलिस से संपर्क किया गया, तो कोतवाली थाना पुलिस ने कहा कि अभी तक उनके पास इस घटना की कोई शिकायत नहीं आई है। वहीं, मकान मालिक लीलाधर पुत्र मोहनलाल निवासी नकाश गेट ने भी अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने भी यह वीडियो देखने के बाद ही घटना के बारे में जाना।
चश्मदीदों ने बताई घटना की सच्चाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मजदूर मकान की छत पर कार्य कर रहा था और जैसे ही वह खड़ा हुआ, वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और झटके के साथ नीचे गिर गया।