मोगा के देव समाज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।इस अवसर पर एएसआई केवल सिंह, इंचार्ज ट्रैफिक एजुकेशन सेल मोगा द्वारा विद्यार्थियों को ट्रैफिक चिन्हों और यातायात नियमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने सड़क सुरक्षा के संबंध में बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना अनिवार्य है, ओवरस्पीड वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में 112 हेल्पलाइन नंबर के उपयोग की जानकारी दी गई। नशे से दूर रहने तथा इसके दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया। नशा तस्करों की सूचना गोपनीय रूप से हेल्पलाइन नंबर 9779100200 पर देने की अपील की गई। साइबर अपराध के माध्यम से हो रही ठगी से बचाव के लिए भी विद्यार्थियों को सचेत किया गया तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी गई, ताकि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज करवाई जा सके। इस मौके पर स्कूल प्रिंसिपल श्री अनुराग धूरिया जी, बिक्रम सिंह जी, अमनजोत कौर जी, गुरप्रीत कौर जी, शालू शर्मा जी तथा अमरजीत सिंह जी सहित अन्य अध्यापकगण उपस्थित रहे। मोगा पुलिस द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि युवा पीढ़ी को कानूनी जानकारी एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा सके।