सरकार द्वारा जगह जगह टोल प्लाजा बना कर जनता से टोल रूपी टैक्स वसूल किया जाता है। यह टोल उस सड़क के रखरखाव के लिए वसूल किया जाता है । लेकिन सरकार द्वारा भारी भरकम टोल वसूलने के बाद भी सड़कों की मुरम्मत नहीं की जाती। खासकर फगवाड़ा से लुधियाना जाते समय रास्ते में सबसे महंगा टोल प्लाजा लाडोवाल में पड़ता है। सबसे ज्यादा टोल वसूल करने के बावजूद इस सड़क की मुरम्मत की तरफ किसी का भी कोई ध्यान नहीं है। इस कारण सड़क पर रोजाना छोटे बड़े हादसे होते ही रहते हैं। 10 फरवरी को हुए सड़क हादसे में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के तीन छात्रों की मौत बेशक ओवर स्पीड के कारण हुई बताई जा रही है लेकिन कार पलटने के लिए कहीं ना कहीं सड़क पर गहरे खड्डे भी जिम्मेवार हैं। फगवाड़ा से लाडोवाल टोल प्लाजा तक की सारी सड़क छोटे बड़े और गहरे खड्डों से भरी पड़ी है। इस कारण वाहन के टायर जब इन खड्डों में पड़ते हैं तो वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो जाता है। सरकार को इस पर ध्यान देने की जरूरत है तथा ऐसी दुर्घटनाओं के लिए टोल प्लाजा पर टैक्स वसूल करने वाली कंपनी की जिम्मेदारी तय करनी होगी तभी लोगों की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकती है। शिव सेना अखंड भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मेहता ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द इस नैशनल हाईवे को ठीक करवाए ताकि लोगों को परेशान ना होना पड़े।