बसंत पंचमी का पर्व पूरे देश में बड़े उत्साह से मनाया जाता है। लोगों में खास तौर पर युवाओं व बच्चों को इस दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार रहता है। इसका कारण है इस दिन उड़ाए जाने वाले पतंग। लोगों में पतंगों की दिवानगी इस हद तक है कि कई जगह पतंगबाजी के मुकाबले भी आयोजित किए जाते हैं। बसंत पंचमी को लेकर फगवाड़ा में भी इन दिनों पतंगों की बहार है। बाजार अलग-अलग पतंगों से भरे पड़े हैं। फगवाड़ा के बाजार में इस समय कई तरह की पतंगे जैसे तूकल, लखनऊ काट, छज्जे, परी चंद्रमा, स्लेट, जहाज, पेंसिल छज्जे, बटर पेपर आदि बिक्री के लिए उपलब्ध हैं जिनकी कीमत 500 रुपये सैंकड़ा से 700 रुपये सैकड़ा के करीब है। वैसे बाजार में तीन रुपए से लेकर 300 रुपये तक की पतंग उपलब्ध हैं।