फगवाड़ा नगर निगम ने आज फिर पुलिस प्रशासन को साथ लेकर स्थानीय तहसील कॉम्प्लेक्स के बाहर से नाजायज कब्जे हटाए तथा कुछ लोगों का सामान भी जब्त किया। गौरतलब है कि फगवाड़ा के बाजारों में दुकानदारों द्वारा अस्थायी रूप से किए गए नाजायज कब्जे हटाने की नगर निगम की मुहिम का कोई खास असर नहीं दिखाई दे रहा। फगवाड़ा में पिछले लगभग एक महीने से नगर निगम ने नाजायज कब्जे हटाने का अभियान चला रखा है। यहाँ तक कि खुद एडीसी तथा एसपी भी सड़कों पर उतर कर दुकानदारों को चेतावनी दे चुकी हैं। लेकिन फगवाड़ा के दुकानदारों पर उनकी किसी चेतावनी का कोई असर नहीं हो रहा। पिछले दिनों फगवाड़ा की एसपी ने खुद सड़क पर उतर कर ना केवल बाजारों से नाजायज कब्जे हटवाए थे बल्कि दुकानदारों को दोबारा कब्जे ना करने की चेतावनी भी दी थी। उस समय एसपी ने फगवाड़ा के तहसील कॉम्प्लेक्स के बाहर से भी नाजायज कब्जे हटवाए थे। लेकिन हैरान करने वाला पक्ष यह है कि आज जब नगर निगम की टीम पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंची तो फिर से लोगों ने नाजायज कब्जे कर अपनी दुकानें वहां लगा रखी थीं।