मोगा नगर निगम पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। वर्ष 2021 के नगर निगम चुनावों के बाद अब 19 जनवरी 2026 को निगम को अपना तीसरा मेयर मिलने जा रहा है। गौरतलब है कि मई 2021 में कांग्रेस की पार्षद नीतिका भल्ला को मोगा निगम का मेयर नियुक्त किया गया था। इसके बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के पश्चात सत्ता परिवर्तन के चलते नीतिका भल्ला को पद से हटाकर 21 अगस्त 2023 को आम आदमी पार्टी के पार्षद बलजीत सिंह चानी को मेयर बनाया गया। 27 नवंबर 2025 को मेयर बलजीत सिंह चानी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन पर नशा तस्करों के साथ देने के आरोप लगे थे। इसके बाद 2 दिसंबर 2025 को नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर परबीन पीना को कार्यकारी मेयर की जिम्मेदारी सौंपी गई, जो आम आदमी पार्टी से संबंधित हैं। इस नियुक्ति का कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध किया। इसी मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी के 9 पार्षदों — साहिल अरोड़ा, अमनप्रीत कौर मान, तरसेम सिंह, राम कौर, मनजीत कौर गिल, विजय खुराना, जसप्रीत सिंह (विक्की सरपंच), रीमा सूद और अमरजीत अंबी — ने 8 जनवरी 2026 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सिविल रिट याचिका दायर की। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने मोगा नगर निगम में 31 जनवरी 2026 से पहले मेयर चुनाव करवाने के स्पष्ट निर्देश जारी किए। इसके तहत अब 19 जनवरी सोमवार को मोगा में मेयर पद के लिए चुनाव करवाए जाएंगे। मोगा के एडीसी-कम-नगर निगम कमिश्नर जसपिंदर सिंह (आईएएस) ने बताया कि हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार मेयर चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं 19 जनवरी सोमवार को चुनाव करवाया जाएगा।