मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर की लगभग 90 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। पुलिस ने आरोपी की स्विफ्ट कार और अन्य अचल संपत्ति पर फ्रीज की नोटिस चस्पा की। डीएसपी अनवर अली ने बताया कि मोगा के थाना अजीतवाल में 6 सितंबर को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी गुरजीत सिंह निवासी किशनगढ़ के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी कार और संपत्ति को फ्रीज किया है।जांच में सामने आया है कि उक्त संपत्ति नशा तस्करी से अर्जित अवैध धन से खरीदी गई थी। डीएसपी अनवर अली ने कहा कि भविष्य में भी अन्य नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।