मोगा में चोरी और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला लाल सिंह रोड का है, जहां मंगलवार को दो मोटरसाइकिल सवार चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक मारुति जेन कार चोरी कर ली। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कार मालिक गुरसेवक सिंह ने बताया कि पिछले दो साल से उनकी कार घर के बाहर ही खड़ी रहती थी, लेकिन मंगलवार को गलती से कार का दरवाजा खुला रह गया। इसी का फायदा उठाकर दो मोटरसाइकिल सवार चोर मौके पर पहुंचे और कार चोरी करके फरार हो गए। हालांकि, गुरसेवक सिंह ने पहले ही गाड़ी के कागजात निकाल लिए थे, जो उनके पास सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी रविंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच तेज कर दी है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है।