फगवाड़ा के सराय रोड, गऊशाला रोड, सिनेमा रोड तथा जीटी रोड पर बस अड्डे के सामने के दुकानदारों तथा रेहड़ी फड़ी वालों पर ना तो नगर निगम की कार्रवाई का कोई असर दिखाई दे रहा है और ना ही एसपी सहित पुलिस की चेतावनी का कोई असर हो रहा है। क्योंकि फगवाड़ा के इन सभी बाजारों में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण की भरमार है। इसी के मद्देनजर मंगलवार फिर फगवाड़ा की एडीसी कम निगम कमिश्नर शिखा भगत तथा एसपी माधवी शर्मा बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों और निगम कर्मचारियों को साथ लेकर इन बाजारों में पहुंचीं। इस दौरान फिर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ साथ कुछ दुकानदारों के चलान भी काटे गए। लेकिन इसके बावजूद अधिकतर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर चार फीट तक की सड़क घेर कर अपना सामान रखा हुआ था, जो कि नगर निगम की टीम आते ही उठा लिया गया और टीम के जाते ही फिर वहीं रख दिया गया। हालांकि एडीसी कम निगम कमिश्नर शिखा भगत तथा एसपी माधवी शर्मा ने दुकानदारों को मंगलवार को फिर चेतावनी दी कि सड़क पर नाजायज कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि इन लोगों से कोई सामान मत खरीदें।