मोगा-कोटकपूरा बाईपास पर शनिवार देर रात करीब 11 बजे एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल सवार तेज रफ्तार में बाघापुराना की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक टिपर के साथ उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सीधे टिपर के नीचे जा घुसी। सड़क पर मोटर साइकिल रगड़ लगने के कारण मोटरसाइकिल में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने टिपर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक बुरी तरह झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी साउथ मोगा के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर ब्रिगेड और समाज सेवा सोसायटी को भी बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद टिपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और शव को मोगा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।