शुक्रवार सुबह फाजिल्का डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई। डीसी और एसएसपी कार्यालयों से कर्मचारियों को बाहर निकालकर दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। बम स्क्वॉड व डॉग स्क्वॉड की गहन जांच के बावजूद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, पर पुलिस ने एहतियातन अलर्ट बढ़ा दिया है। मेल में तमिलनाडु से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही डीसी और एसएसपी कार्यालयों को खाली कराया गया और परिसर की सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया। मौके पर पहुंची बम निरोधक टीम, डॉग स्क्वॉड और विशेष जांच दल ने दफ्तर के हर हिस्सेकमरों, रिकॉर्ड सेक्शन, बेसमेंट और पार्किंग की बारीकी से जांच की। लगभग दो घंटे चले इस सर्च अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के दौरान आसपास के क्षेत्र में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि मेल को पूरी गंभीरता से लेते हुए सभी एसओपी लागू किए गए। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोग किसी भी अफवाह से दूर रहें। उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में पंजाब के कई जिलों में ऐसी मेल्स मिली हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुईं। फाजिल्का प्रशासन ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और साइबर टीम मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।