फरीदकोट में किसानों ने विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और प्रशासन के साथ बैठक के बाद अपना रेल रोको आंदोलन सोमवार तक स्थगित कर दिया है। शनिवार शाम मार्केट कमेटी कोटकपूरा कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बैठक हुई। किसानों की अगुवाई प्रदेश महासचिव काका सिंह कोटड़ा ने की, जबकि डिप्टी कमिश्नर, एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। किसान कर्ज माफी, शंभू-खनौरी बॉर्डर पर हुए नुकसान की भरपाई, लैंड मॉर्गेज बैंक द्वारा खाली चेकों के दुरुपयोग और गांव हरीनौ के आत्महत्या करने वाले दो किसान भाइयों के परिवारों को सहायता समेत अन्य मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। 12 जिलों में बैंकों के बाहर धरना दिया जा रहा है। 5 अगस्त से संधवां में स्पीकर के घर के बाहर पक्का मोर्चा भी जारी है। किसान नेता काका सिंह कोटड़ा ने कहा कि मांगें पूरी होने तक मोर्चा जारी रहेगा। सोमवार तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ तो संघर्ष तेज किया जाएगा। स्पीकर संधवां ने मांगों के समाधान के लिए जल्द प्रयास का भरोसा दिया।