मोगा निगम चुनाव के दौरान गीता भवन चौक के पास बने पोलिंग बूथ के बाहर लगे आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी जिला प्रधान डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। डॉ. हरजोत कमल ने आरोप लगाया कि पोलिंग बूथ से 100 मीटर के दायरे में आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग लगे हुए हैं, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे यह संदेश जा रहा है कि कहीं न कहीं प्रशासन मौजूदा सरकार के उम्मीदवारों को समर्थन दे रहा है। उन्होंने बताया कि मोगा नगर निगम और कोट ई शेखा नगर पंचायत चुनाव में बीजेपी के कुल 51 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और पार्टी को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। हालांकि सीटों की संख्या को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद होगा, लेकिन आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया। डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से मांग की कि पोलिंग बूथ के नजदीक लगे राजनीतिक होर्डिंगों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो