कपूरथला की सब डिवीजन सुल्तानपुर लोधी के थाने में तैनात एक एएसआई पर दो युवकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवकों ने एएसआई पर अवैध रूप से हिरासत में रखने के साथ साथ मारपीट, गाली-गलौज और अश्लील हरकतें करने के भी आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने मानवाधिकार आयोग, डीजीपी पंजाब और एसएसपी कपूरथला को भी शिकायत भेजी है। वहीं दूसरी तरफ आरोपी एएसआई ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए जांच करवाने की बात कही है। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने मामले की जांच किए जाने की बात कही है।