फगवाड़ा में शिव सेना की ओर से महाशिवरात्रि का पर्व राज्य स्तर पर मनाने की मांग संबंधी एक मांग पत्र आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नाम स्थानीय तहसीलदार को सौंपा गया। फगवाड़ा सिटी थाना प्रभारी ऊषा रानी भी इस मौके पर उपस्थित थीं। इससे पूर्व समूह शिव सैनिकों ने स्थानीय श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में पहुंच कर "पंजाब में हम भी हैं" और "पंजाब में हिंदू भी हैं" के नारे लगाए। इसके बाद समूह शिव सैनिकों ने श्री हनुमानगढ़ी मंदिर से तहसील कंप्लैक्स तक एक रैली निकाली और तहसीलदार को भगवंत मान के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि सरकार पंजाब में रहने वाले हिन्दू समाज की भावनाओं का भी ध्यान रखे। महा शिवरात्रि के त्यौहार को मनाने के लिए पंजाब सरकार संत समाज के नेतृत्व में राज्य स्तर पर आयोजन करे। हर जिले का डिप्टी कमिश्नर व पुलिस प्रमुख बैंड बाजे के साथ शोभायात्रा का स्वागत कर सलामी दे। महा शिवरात्रि के अवसर पर पंजाब में स्थापित प्राचीन एवं ऐतिहासिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण व रखरखाव के लिए आर्थिक पैकेज घोषित करें। इस अवसर पर इंद्रजीत करवल, राजेश पलटा, विपन शर्मा, अंकुर बेदी, संजीव घनौली आदि भी उपस्थित थे।