पटियाला के रौंगला गांव में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गुरिंदर सिंह गोल्डी को पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। डीएसपी सिटी टू जंगजीत सिंह ने बताया कि 19 फरवरी को रौंगला गांव में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या को लेकर पुलिस लगातार आरोपियों की धरपकड़ कर रही थी। परिजनों ने आज तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया है। उसके बाद परिजनों द्वारा रोड भी जाम कर दिया गया था। डीएसपी ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी गुरिंदर सिंह गोल्डी जो कि मौजूदा सरपंच का बेटा है, उसे पंजाब से 3300 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा था और पिछले कई दिनों से वह किसी दोस्त या रिश्तेदार के संपर्क में नहीं था, जिस कारण पुलिस को उसे गिरफ्तार करने में समय लगा। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में पता चला कि गुरिंदर सिंह गोल्डी अलग-अलग जगहों और गुरुद्वारों में रह रहा था, जिसकी हम जांच कर रहे हैं और अभी वह ट्रेन से हजूर साहिब जा रहा था, जहां जीआरपी पुलिस से संपर्क करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।