शहर के नजदीकी गांव धमोली में सोमवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा 66 केवी की बिजली लाइन के खंभे लगाने की कोशिश की गई। किसानों के कड़े विरोध और भारी हंगामे के कारण विभाग के अधिकारियों को पुलिस बल के साथ बिना किसी कार्यवाही के वापस लौटना पड़ा। क्या है पूरा मामला? पिछले कई वर्षों से लटकी हुई 66 केवी की बिजली लाइन को पूरा करने के लिए पटियाला टीएल डिवीजन के एक्सईएन जसवीर सिंह और राजपुरा सिटी के एसएचओ गुरसेवक सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव धमोली पहुंचे थे। विभाग का उद्देश्य एक निजी प्लॉट में खंभे गाड़कर तारें बिछाना था। जैसे ही काम शुरू करने की कोशिश की गई, किसानों और किसान संगठनों के नेता वहां एकत्र हो गए और काम रुकवाने के लिए विरोध जताया। इस विरोध के बाद अधिकारियों को मजबूरन वापस लौटना पड़ा।