लॉरेंस बिश्नोई गैंग के पांच गुर्गों को पटियाला पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के हैं। आरोपियों के पास से 30 और 32 बोर के 3-3 पिस्टल, 315 बोर का देसी कट्टा और 10 मैगजीन व 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पैसों के लिए अपराध जगत से जुड़े यह आरोपी सुपारी लेकर कत्ल व अन्य संगीन वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पंजाब में कईं जगहों समेत पटियाला की रेकी की हुई थी और कई टारगेट किलिंग की वारदातों को अंजाम देना था। आरोपियों ने पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी के सामने साल 2022 में हुए भिंदा कत्ल केस के अहम गवाह की भी रेकी की थी।