मोहाली में मंगलवार सुबह करीब एक घंटे हुई तेज बारिश ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद सेक्टर-70 समेत शहर के कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं और जगह-जगह तालाब जैसा नजारा दिखाई दिया। सेक्टर-70 में सड़क पर इतना पानी जमा हो गया कि कई मोटरसाइकिलें पानी में डूबती नजर आईं। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। होमलैंड निवासी मिली गर्ग ने बताया कि जब भी बारिश होती है, सेक्टर-70 की सड़क पर जलभराव हो जाता है। उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह स्थिति इतनी खराब थी कि लोगों के लिए सड़क से निकलना मुश्किल हो गया। जुबली वॉक के पीछे स्थित रिहायशी सोसाइटी में सैकड़ों परिवार रहते हैं और जलभराव के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।