अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मोहाली के मेरिटोरियस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-70 में 'पुलिस की पाठशाला' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और कानून के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर डीएसपी ट्रैफिक करनैल सिंह मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका डीएसपी करनैल सिंह ने सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। स्कूल प्रबंधन ने अमर उजाला फाउंडेशन और ट्रैफिक पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।