लुधियाना के चौड़ा बाजार की पिंक प्लाजा मार्केट के बाहर अवैध कब्जों को लेकर दुकानदार और रेहड़ी फड़ी वाले एक बार फिर आमने सामने हैं। दो महीने पहले भी दोनों पक्षों में काफी विवाद हुआ था और नगर निगम ने रेहड़ी फड़ी हटवा दी थी। इसके बाद वहां आई लव चौड़ा बाजार का एक बड़ा इलेक्ट्रानिक बोर्ड लगा दिया। दो महीने बीतने के बाद एक बार फिर रेहड़ी फड़ी वाले वहां पर कब्जा कर बैठ गए। इसके बाद पिंक प्लाजा मार्केट के दुकानदारों ने फिर से धरना दे दिया। दुकानदारों के धरने के कारण आस-पास एरिया में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
थाना कोतवाली की पुलिस ने दुकानदारों को मनाने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार रेहड़ियां हटाए जाने का कह डटे रहे। दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम के कुछ मुलाजिमों की मिलीभगत के कारण ही हर बार कब्जा होता है, लेकिन वह मार्केट के आगे अवैध रुप से किसी भी रेहड़ी और फड़ी वाले को नहीं बैठने देंगे। उनके लाखों रुपये लगे है और अवैध रुप से लगी रेहड़ियों के कारण उनका कारोबार का तो नुकसान होता ही है साथ ही साथ ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रहती है।
पिंक प्लाजा मार्केट के प्रधान रुबल ढल्ल और उप प्रधान जसकरण सिंह गठ ने बताया कि पहले भी मार्केट के आगे ही रेहड़ी फड़ी वाले अपनी अवैध तौर पर रेहड़ियां लगा लेते थे। पहले भी काफी विवाद हुआ था। उसके बाद नगर निगम ने मार्केट के बाहर चौड़ा बाजार की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए बोर्ड भी लगवा दिया। मगर समय बीतने के साथ फिर से टेबल, रेहड़ियां और फड़ी लगनी शुरु हो गई। शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूरी में आकर दुकानदारों को फिर से सड़क पर धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। दुकानदारों का कहना है कि रेहड़ी फड़़ी के कारण बाजार में ट्रैफिक जाम रहता है। रेहड़ी फड़ी वाले बीच सड़क में ही कब्जा कर बैठ जाते है। अगर कोई राहगीर कुछ कहे तो उसके साथ विवाद शुरु कर देते है। दुकानदारों ने कहा कि लाखों रुपये लगाने के बाद भी वह ढंग से अपने कारोबार पर नहीं बैठ सकते। दुकानदारों का कहना है कि अब धरना तब उठाया जाएगा जब रेहड़ियां हटाने की मांग पूरी होगी। नगर निगम अधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने आश्वासन दिया तो दुकानदारों ने धरना समाप्त किया।